स्पेशल डेस्क: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सिद्धू मूसेवाला ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने की एक वजह पंजाबियों की आवाज को उठाना भी है।
बता दें कि मूसेवाला युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हुए है। मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है और वह मानसा जिले के मूसा गांव के रहने वाले हैं। उनकी मां एक गांव की मुखिया हैं। गायक को इससे पहले अपने गानों में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आलोचना का सामना भी करना पड़ा था।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पार्टी में गायक का स्वागत करते हुए कहा कि मूसेवाला अपनी कड़ी मेहनत से एक बड़े कलाकार बने और अपने गीतों से लाखों लोगों का दिल जीता है।

नवजोत सिंह ने मूसेवाला को युवा प्रतीक और एक अंतरराष्ट्रीय हस्ती बताया। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। मैं कांग्रेस में उनका स्वागत करता हूं।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी सिद्धू मूसावाला को मानसा से चुनावी मैदान में उतार सकती है। साथ ही पार्टी उनकी लोकप्रियता के चलते उनसे राज्य भर में चुनाव प्रचार भी करवा सकती है।

