स्पेशल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पटवारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट मे पेश किया जाएगा।। आरोप है कि जमीन की निशानदेही के एवज में यह रिश्वत ली जा रही थी।
निशानदेही करवाने के बदले रुपयों की मांग
जानकारी के अननुसार, कांगड़ा के उपमंडल फतेहपुर के तहत राजा का तालाब में 15 हजार रुपये की घूस लेते पटवारी को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी शिकायतकर्ता से जमीन की निशानदेही और तकसीम करवाने के बदले रुपयों की मांग कर रहा था।
15 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा गया पटवारी
फतेहपुर तहसील के रहने वाले जगदीश चंद की शिकायत पर विजिलेंस ने कार्रवाई की है। विजिलेंस विभाग ने टीम गठित कर पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और पटवारी अश्वनी कुमार निवासी बटाड़ी डाकघर लोहारा तहसील फतेहपुर को 15 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजिलेंस उत्तरी क्षेत्र बलवीर जसवाल ने मामले की पुष्टि की है और बताया कि आरोपित को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


