शिमला: हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आलम यह है कि प्रदेश के 8 इलाकों में पारा माइनस से नीचे लुढ़क गया है। शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी है। गुरुवार को लाहौल स्पीति में बर्फीला तूफान आया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश और बर्फबारी (Rain And Snowfall) की संभावना जताई है।
8 शहरों में माइनस डिग्री तक गिरा पारा
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। शिमला समेत प्रदेश के 8 शहरों का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। प्रदेश में बुधवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। कई क्षेत्रों में पानी के पाइप भी जमने लगे हैं।
कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 18 से 20 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में धूप खिली रहने की संभावना है।
लाहौल स्पीति में बर्फीला तूफान
जानकारी के अनुसार, लाहौल स्पीति में ब्लैक आइसिंग के साथ बर्फीला तूफान अटल टनल से गुजरने वाले वाहनों के लिए परेशानी का सबब बन गया था। इस दौरान 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फानी हवाएं चली। लाहौल पुलिस की मदद से सभी पर्यटक वाहनों को सुरक्षित निकाल कर मनाली भेजे गए।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि दोपहर बाद अटल टनल होकर गुजरने वाले वाहनों को नार्थ पोर्टल के समीप बर्फीले तूफान से सामना करना पड़ा। तूफान की गति इतनी तेज थी कि कई वाहन चलते-चलते हिलने लगे और दृश्यता भी कम हो गई थी। पुलिस जवानों ने जान जोखिम में डालकर सभी सैलानियों को सुरक्षित अटल टनल पार कर मनाली तक रवाना किया है।


