भोरंज: विधायक कमलेश कुमारी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा है कि 18 दिसंबर को भोरंज विधानसभा के खेल कुंभ मुकाबलों की शुरुआत होने जा रही है। जिसका शुभारंभ हिमाचल प्रदेश विधानसभा के डिप्टी स्पीकर हंसराज करेंगे। उन्होंने कहा कि शुभारंभ कार्यक्रम विधानसभा की छत्रवाड़ पंचायत में रखा गया है।
पंचायत में मौजूद करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में सुबह 11बजे खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज के कर कमलों द्वारा होगा। इस दौरान सबसे पहले कबड्डी के मुकाबले आयोजित होंगे।
विधायक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में एक बार फिर से आयोजित किए जा रहे खेलमहाकुंभ मुकाबलों को लेकर स्थानीय शेर प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। विधानसभा से सैकड़ों टीमों ने खेल महाकुंभ प्रतियोगिताओं में अपनी रजिस्ट्रेशन करवाई है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का मंच युवाओं को खेलों के साथ जोड़ने का और खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारने का बहुत बड़ा जरिया है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा करवाए जा रहे खेल महाकुंभ से जुड़कर युवा बहुत कुछ सीखेंगे, खुद को मजबूत भी बनाएंगे और नशों से भी दूर रहेंगे। खेल महाकुंभ के आयोजन के लिए विधायक ने केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए खेल महाकुंभ का अनुसरण देश के अन्य राज्यों में भी किया जा रहा है।
खेलमहाकुम्भ के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर एक बैठक आज भोरंज में आयोजित की गई जिसमें विधायक कमलेश कुमारी मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन की दृष्टि से विभिन्न समितियों का तै रूप बनाकर उनकी जिम्मेवारी अलग-अलग लोगों को दी गई है।


