चंडीगढ़: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। चुनावों के लिए बीजेपी के स्टार कैंपेनर जयराम ठाकुर ने चंडीगढ़ नगर निगम के वॉर्ड नंबर 6, 11, 14, 29, 31 और 10 में जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श बने, इसके लिए जरूरी है कि यहां फिर से भारतीय जनता पार्टी की जीत हो। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो भी लोग चंडीगढ़ आते हैं उनका यहां से जाने का मन नहीं करता।
सीएम ने कहा, “चंडीगढ़ में सभी तरह की सुविधाएं हैं। देश के प्रधानमंत्री के दिल में भी चंडीगढ़ का विशेष स्थान है। हाल में वाराणसी में चीफ मिनिस्टर काउंसिल की बैठक में भी प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ का जिक्र किया।”
सीएम ने कहा कि ये शहर पुराना है लेकिन आज भी नया लगता है। बीजेपी ने यहां विकास के लिए ईमानदार प्रयास किया है। इसलिए बीजेपी के समर्थन में लोग आगे आ रहे हैं। चंडीगढ़ देश ही नहीं, दुनिया में भी एक मॉडल बने इसके लिए यहां फिर से बीजेपी की नगर निगम बनना जरूरी है। बीजेपी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए जारी अपने विजन डॉक्यूमेंट में भी आम जनता को स्थान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान में चंडीगढ़ ने देशभर में काफ़ी बेहतरीन कार्य किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के लोगों ने एक रूल सेट किया है कि केंद्र में जिस पार्टी की सरकार होती है, उसी की जीत यहां नगर निगम में होती है। इस बार भी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में बड़े बहुमत से बीजेपी की जीत होगी।


