शिमला: हिमाचल प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए आज जयराम कैबिनेट ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया। देश के कई अन्य राज्यों की तरह हिमाचल प्रदेश में भी रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।
इसके साथ ही कैबिनेट की बैठक में कई अन्य फैसले लिए गए है। वहीं, प्रदेश में इंडोर कार्यक्रमों में केवल 50 प्रतिशत लोग ही एकत्र हो सकेंगे। इंडोर खेल परिसर, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्टेडियम, स्विमिंग पूल, जिम, लंगर आदि बंद रहेंगे। प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ने पर सरकार ने यह फैसला लिया है।
राज्य सरकार ने देशभर में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे को भी सतर्क रहने का निर्देश दिए है। साथ ही लोगों से मास्क पहनने और दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रदेश की राजधानी शिमला में सर्दी के दौरान पर्यटकों की भीड़ बढ़ने के मद्देनजर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
आपको बता दें कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई अन्य राज्यों में पहले से ही नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया जा चुका है। दिल्ली में तो सरकार ने बीते मंगलवार को वीकेंड कर्फ्यू लगाने की घोषणा भी कर दी है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ न लगाने, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंस के नियमों का पालन अनिवार्य कर दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि स्कूल अभी बंद हैं। जरूरत हुई तो इस पर फैसला लिया जाएगा। आपदा प्रबंधन से चर्चा की जाएगी। 30 सितंबर 2021 तक शिक्षा विभाग के अंशकालिक जल वाहकों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया गया, जिन्होंने सेवा के 11 वर्ष (अंशकालिक रूप से 7 वर्ष और दैनिक वेतनभोगी के रूप में चार वर्ष) पूरे कर लिए हैं। इससे 1782 जल वाहकों को लाभ होगा।
आईजीएमसी शिमला और अटल चिकित्सा सुपरस्पेशलिटी चमियाना संस्थान में सहायक प्रोफेसरों के सात पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने का भी निर्णय लिया गया। जिला सिरमौर के ग्राम हीरपुर, भूपपुर एवं खोदरी माजरी में नए पशु औषधालय खोलने व इन औषधालयों को चलाने के लिए आवश्यक पदों के सृजन व भरने का निर्णय लिया।
मंत्रिमण्डल ने जिला लाहौल-स्पीति में राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं किशोरी और भुजण्ड को राजकीय उच्च पाठशालाओं के रूप में स्तरोन्नत करने और स्कूल के बेहतर प्रबन्धन के लिए विभिन्न श्रेणियों के आठ पदों के सृजन और इन्हें भरने का भी निर्णय लिया।
बैठक में कुल्लू जिले के मनाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत कर्जन के सजला में आवश्यक पदों के सृजन एवं भरने के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का भी निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने क्षेत्र के बागवानों की सुविधा के लिए विकासखंड सुंदरनगर के किंडर तथा विकास खंड करसोग के महोग व महूनाग में उद्यानिकी विस्तार केंद्र खोलने का भी निर्णय लिया। बैठक में मंडी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडप को 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में स्तरोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया।
कुल्लू जिले के मनाली सिविल अस्पताल को 100 बिस्तरों के अस्पताल में अपग्रेड करने के साथ ही क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न श्रेणियों के 33 पदों के सृजन का भी निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य उपकेंद्र राजगढ़ को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने व मंडी जिले के गगल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही सोलन जिले के बागा स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को भी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में जिला सोलन की राजकीय प्राथमिक पाठशाला शामटी और रबौण को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा इनके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के नौ पदों को सृजित करने को मंजूरी प्रदान की।
मंत्रिमण्डल ने जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र की राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं धिमला और लग को राजकीय उच्च पाठशालाओं के रूप में स्तरोन्नत करने तथा स्कूल के प्रबन्धन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों को सृजित करने और भरने का भी निर्णय लिया।


