चंडीगढ़: अवैध रेत खनन मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी रिश्तेदार के ठिकाने पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है। ईडी ने सीएम चन्नी के रिश्तेदार के ठिकाने के अलावा 9 और जगहों पर छापेमारी की है। ईडी की ये छापेमारी मंगलवार सुबह से जारी है।
छापेमारी मोहाली समेत अनेक स्थानों पर चल रही है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, मोहाली में होमलैंड सोसाइटी (Homeland Society) के जिस मकान पर छापा मारा जा रहा है वो सीएम चन्नी का एक करीबी रिश्तेदार बताया जाता है। हालांकि ईडी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, जो करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है वो सीएम चन्नी के साले का लड़का है। उसका नाम भूपिंदर सिंह हनी है। साल 2018 में ईडी ने कुदरतदीप सिंह के खिलाफ रेत खनन का पर्चा किया था जिसमें हनी का नाम आया है। ईडी की ये कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
होमलैंड सोसाइटी के मैनेजर ने कहा, ‘ईडी की टीम सुबह 8 बजे के आसपास आई है, जिसमें सीआरपीएफ के अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने हमें बताया कि टॉवर 5, 53 नंबर में जाना है। दोनों गेट को सील कर दिया गया है।
हालांकि 9 बजे के आसपास गेट को खोल दिया गया था, लेकिन वो लोग अब भी अंदर हैं। उन्होंने बताया कि भूपिंदर सिंह हनी किरायेदार हैं। मकान किसके नाम पर है इसकी जानकारी नहीं है।’


