स्पेशल डेस्क: हिमाचल प्रदेश सरकार ने बुधवार को शादियों में खाना परोसने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने इस बारे में पूर्व की अधिसूचनाओं से बने संशय को दूर करने के लिए स्पष्टीकरण जारी किया है। इसमें कहा गया कि कोविड प्रोटोकोल के तहत खाना परोसा जाए।
आदेशों के तहत शादियों में बायोडिग्रेडेबल प्लेट, कांच और कटलरी के उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कोविड-19 के उचित व्यवहार और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन को सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए सरकार साठ हजार किट तैयार कर रही है। संक्रमित लोगों को घरों में आइसोलेशन में रखा है। स्थिति सामान्य न हुई तो आने वाले समय में कुछ और बंदिशें लगेंगी। लोग कोरोना संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीन जरूर लगाएं।
स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में पॉजीटिविटी दर 16 फीसदी है। यह दो जिलों में 30 प्रतिशत तक है। हिमाचल में देश की तुलना में यह दर अधिक नहीं है। देश में यह दर 25 फीसदी तक है।

