मंडी: सुंदरनगर के सलापड़-कांगू क्षेत्र में जहरीली शराब पीने के मामले में दो और लोगों की मौत हो गई है। जबकि दो अन्य लोगों को आनन-फानन में परिजनों द्वारा मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती करवाया गया है। वहीं अब तक जहरीली शराब के सेवन से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले की पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की है।
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 2 बजे ध्वाल क्षेत्र के 55 वर्षीय सीताराम की अचानक तबीयत खराब हो गई जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि 42 वर्षीय भगतराम गांव भलयानी की उपचार के दौरान गुरुवार सुबह मेडिकल कॉलेज नेरचौक में मौत हो गई।
इसके साथ ही 48 वर्षीय जीत राम निवासी ध्वाल व नीरज कुमार सलापड़ की देर रात अचानक तबीयत खराब होने के बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।
इसके अलावा जहरीली शराब पीने से भर्ती गणपत की हालत नाजुक है। जिसे आधी रात को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। अभी तीन और लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बता दे कि जहरीली शराब मामले में बुधवार को पांच लोगों की मौत हुई थी। इस तरह अब तक सात लोग जहरीली शराब के सेवन से जान गंवा चुके हैं।


