स्पेशल डेस्क: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी ने 34 उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी गई है।
पार्टी ने अपनी पहली सूची में जातीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा है। 12 टिकट तो उन उम्मीदवारों को दी गई हैं जो कृषि समुदाय से आते हैं। 13 सिखों को भी मैदान में उतारा गया है, 8 SC को भी टिकट मिली है और महिलाओं, डॉक्टरों की भी उपस्थिति दिखी है।
अब इन उम्मीदवारों के ऐलान के साथ बीजेपी ने पंजाब की चन्नी सरकार को भी निशाने पर लिया है। कहा गया है कि पीएम मोदी की सुरक्षा में की गई चूक एक बड़ी लापरवाही थी। दावा किया गया कि इस बार पंजाब चुनाव में हैरान कर देने वाले नतीजे आने वाले हैं।
हरदीप पुरी ने तो इस बात पर भी तंज कस दिया कि सीएम चन्नी दूसरी सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि एक सीट से लड़ कर वे नहीं जीतने वाले हैं। उनकी तरफ से चन्नी को नसीहत दी गई है कि वे पहले नवजोत सिंह सिद्धू के साथ अपने रिश्तों को ठीक करें, उसके बाद चुनावी मैदान में आएं।
सीटों की बात करें तो जालंधर सेंट्रल से मनोरंजन कालिया, दसूहा से रघुनाथ राणा, गढ़शंकर से नामिशा मेहता, तरनतारन से नवरीत सिंह लवली, मुकेरिया से जंगिलाल महाजन, लुधियाना सेंट्रल से गुरुदेव शर्मा, फतेहगढ़ साहिब से दीदार सिंह भटी को टिकट मिला है।
अमृतसर नार्थ से सरदार सुखविंदर सिंह पिंटू, हरगोबिंदपुर से बलजिंदर सिंह दकोह, सुजानपुर से दिनेश सिंह बब्बू, चब्बेवाल से डॉ दिलभग राय, अमलोकसे कंवर वीर सिंह तोहरा जैसे दिग्गज प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होने हैं और फिर 10 मार्च को नतीजे सामने आएंगे।


