स्पेशल डेस्क: भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान चरणजीत सिंह (Charanjit Singh) का गुरुवार सुबह पांच बजे निधन हो गया। वह 92 साल के थे। ऊना में उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। चरणजीत पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका जन्म 3 फरवरी 1931 को ऊना में हुआ था।
वह पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी और 1964 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं। चरणजीत के नेतृत्व में ही भारतीय टीम ने 1964 में टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। चरणजीत अर्जुन अवार्ड और पद्मश्री से भी सम्मानित किए जा चुके हैं।
आज शाम चार बजे ऊना के स्वर्गधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा। उन्होंने पंजाब के गुरदासपुर और लायलपुर से स्कूली पढ़ाई पूरी की थी। स्कूली शिक्षा के दौरान ही चरणजीत ने हॉकी खेलना शुरू कर दिया था। इसके बाद लुधियाना से एग्रीकल्चर से स्नातक की पढ़ाई की।


