स्पेशल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के शिवाजी पार्क में स्वर कोकिला लता मंगेशकर को अंतिम श्रद्धांजलि दी है। भारत रत्न लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को शिवाजी पार्क लाया गया है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले लता ‘दीदी’ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा “मैं अपनी पीड़ा शब्दों में बयां नहीं कर सकता। दयालु लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गईं, जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।”
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, ‘लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा है। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं। मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला है। उनके साथ मेरी बातचीत अविस्मरणीय रहेगी। लता दीदी के निधन पर मैं भी अपने साथी भारतीयों की तरह शोक में हूं। उनके परिवार से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।’
भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन हो गया है। लता मंगेशकर 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पातल में भर्ती करवाया गया। लता लगभग एक महीने से अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी संग उनकी टीम लता की देखरेख और इलाज कर रहे थे। आज लता मंगेशकर दुनिया को अलविदा कह गई हैं।
लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए शाहरुख खान, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, गायिका अनुराधा पौडवाल समेत तमाम हस्तियां यहां मौजूद हैं। लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के सेलेब्स के साथ-साथ राजनेता भी पहुंचे हैं। सभी एक-एक करके लता दीदी को अंतिम अलविदा कह रहे हैं और श्रद्धांजलि दे रहे हैं।


