शिमलाः हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी है। सरकार के अनुसार हड़ताल पर जाने वाली सरकारी कर्मचारियों का वेतन काट दिया जाएंगा। सरकार ने सिविल सर्विस रूल्स 3 और 7 का हवाला देते हुए आदेश जारी किए हैं कि प्रदर्शन, बहिष्कार, पेन डाउन स्ट्राइक और इस तरह की अन्य गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा।
वहीं ऐसे कर्मचारियों पर अपराधिक मामला भी दर्ज किया जा सकता है। संबंधित विभाग द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। कार्मिक विभाग ने पेन डाउन स्ट्राइक और मास लीव पर जाने को लेकर कड़े दिशा निर्देश जारी किए हैं।
पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली को लेकर मंडी से शुरू हुई पदयात्रा और डॉक्टरों की हड़ताल के बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री भी बयान जारी कर आंदोलन करने वाले कर्मचारियों को चेतावनी दे चुके हैं।
बता दे कि इन दिनों हिमाचल विधानसभा बजट सत्र चल रहा है। जिसके चलते प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन, हड़ताल और पेन डाउन स्ट्राइक जैसे कदम उठा रहा है।


