धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में टीम इंडिया ने टी-20 क्रिकेट मैच में अपनी पहली जीत दर्ज की। शनिवार को श्रीलंका के साथ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच जीतते ही टीम इंडिया ने सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। अब तीसरा मैच भी इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा।
टीम इंडिया ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर मैच के साथ सीरीज को भी अपने कब्जे में कर लिया। धर्मशाला में यह तीसरा मौका था, जब किसी टीम ने स्कोर का पीछा करते हुए मैच अपने नाम किया है। इससे पहले चार बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है।
श्रीलंका के साथ सीरीज के खेले गए दूसरे मैच में श्रेयस अय्यर, संजु सैमसन और रविंद्र जड़ेजा की मजबूत बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया को जीत मिली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में करीब चार वर्ष बाद कोई मैच बारिश के खलल के बिना सफल हुआ। इससे पहले वर्ष 2019 और 2020 में भारत- दक्षिण अफ्रीका के साथ दो मैच लगातार बारिश के कारण रद्द हो गए थे।
हालांकि शनिवार को भी मैच में बारिश का साया मंडरा रहा था, लेकिन मौसम ने इस बार साथ दिया। मैदान में पहली गेंद पड़ते ही दर्शक भी रोमांचित हो उठे। भारत-श्रीलंका के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मैच में एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर विशेष रूप से मौजूद रहे।
इससे पहले लखनऊ में भारत ने पहले टी-20 मैच में भी जीत हासिल की थी। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में टीम इंडिया का यह अब तक का दूसरा टी-20 मुकाबला था। इससे पहले वर्ष 2015 में साउथ अफ्रीका के साथ मैच हुआ था, जिसमें टीम इंडिया को 199 रन बनाने के बाद भी हार का मुंह देखना पड़ा था।


