शिमलाः नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। भाजपा ने प्रत्याशियों का चयन करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे करने के लिए प्रदेश के बाहर से विशेषज्ञों की टीमें बुलाई गई है। 41 वार्डों में सर्वे के आधार पर मजबूत दावेदारों की सूची तैयार की जाएगी।
कई मुद्दों के आधार पर किया जाएगा सर्वे
बता दें कि वर्ष 2017 में हुए नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने सर्वे करवाया था। समाज में छवि, पार्टी के प्रति निष्ठा, स्थानीय मुद्दों की समझ के मानकों के आधार पर सर्वे रिपोर्ट तैयार कर पार्टी नेताओं को सौंपी गई थी।
प्रारंभिक तौर पर सूची बनाने का कार्य शुरू
इसी तर्ज पर अब दोबारा से प्रत्याशियों के चयन के लिए सर्वे शुरू हो गया है। वार्ड रोस्टर अभी तय होना है। ऐसे में सभी वर्ग से संभावित प्रत्याशियों की प्रारंभिक तौर पर सूची बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
शहर में वार्डों का पुनर्गठन
वर्तमान पार्षदों की कार्यप्रणाली को लेकर भी स्थानीय जनता से रिपोर्ट एकत्र की जा रही है। शहर में वार्डों का पुनर्गठन होते ही और रोस्टर तय होने पर सर्वे का दायरा बढ़ेगा। अन्य प्रदेशों से भाजपा ने इनकी ड्यूटियां शिमला में लगाई है।
इन मंत्रियों को सौंपी जिम्मेदारी
वर्तमान में शिमला नगर निगम पर भाजपा काबिज है. भाजपा ने मिशन रिपीट के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज, सत्तपाल सत्ती और डॉ. राजीव बिंदल को जिम्मेदारी है। इसके साथ ही भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी रोड मैप तैयार कर रही है।






