शिमलाः हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की पांचवीं बैठक बुधवार सुबह दस बजे शुरू हुई। आज सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा दिए जा रहे जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने सदन से वाकआउट कर लिया।
कांग्रेस विधायकों ने सदन में नारेबाजी की और नारेबाजी करते हुए विधायक बाहर निकल गए। विपक्ष के वाकआउट को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण पर उठाए सभी मुद्दों का जवाब सुनना उचित नहीं समझा है। वाकआउट करने का कोई औचित्य नहीं था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष बच्चों की तरह जिद करते हैं, खिलौना नहीं दिया तो जमीन पर लेट जाते हैं, विपक्ष का भी यही हाल है, कोई भी काम बस अभी करो। उन्होंने कहा कि सत्ता में आना-जाना रहता है। कभी आप कभी हम।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगेस सरकार के समय में अस्पतालों में 52 वेंटिलेटर थे, अब 1014 हैं। तीन हजार ऑक्सीजन सिलिंडर थे, अब 17 हजार हैं। अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की। अवैध शराब मामले में 4 एक्साइज इंस्पेक्टर सस्पेंड किए हैं।
उन्होंने कहा कि ऊना पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी रोहित पुरी को मुंबई में आज गिरफ्तार किया गया है। वही इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने यूक्रेन में फंसे हिमाचली छात्रों को लेकर भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन की राजधानी कीव में हिमाचल का कोई छात्र नहीं है। अब तक 108 छात्र हिमाचल लाए जा चुके हैं। खारकीव में स्थिति तनावपूर्ण है, यहां हमारे छात्र फंसे हैं। इन्हें लाने में कठिनाई हो रही है।







