हमीरपुर: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हमीरपुर में महिला सुरक्षा कवच अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत किया।
वही, इस दौरान ओलंपियन और भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू और भारतीय हॉकी टीम की सदस्य रानी रामपाल और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
6 जिलों की पुलिस को मिले 108 मोटरसाइकिल
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल के खेल मैदान में सुबह साढ़े 10 बजे कार्यक्रम का आयोजन शुरू हुआ। इस मौके पर प्रदेश के करीब 6 जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी के धर्मपुर, सिरमौर, कांगड़ा और चंबा के महिला पुलिस थानों को 108 मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाई गयी।
महिलाओं की सुरक्षा को किया जा रहा सुनिश्चित
दरअसल, यह अभियान पुलिस की गश्ती और पेट्रोलिंग को बढ़ावा देने के लिए है। जिससे हिमाचल प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों की ओर से बाइक पर सवार होकर कई करतब भी दिखाए गए।







