स्पेशल डेस्क: पंजाब में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। चन्नी ने कहा कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को सौंप दिया है। उन्होंने मुझे और कैबिनेट को नई सरकार के शपथ ग्रहण तक बने रहने के लिए कहा है। मैं लोगों के जनादेश को स्वीकार करता हूं।
जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहूंगा
चन्नी ने आगे कहा, ‘हम हमेशा पंजाब की जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। हम अपना कर्तव्य निभाते रहेंगे और जनता के बीच रहेंगे। मैं नई सरकार से पिछले 111 दिनों में जन कल्याणकारी परियोजनाओं और योजनाओं को जारी रखने का अनुरोध करता हूं।’
18 सीटों पर सिमटी कांग्रेस
गौरतलब है कि 117 सदस्यीय विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गई। चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों सीटें हार गए। बरनाला जिले की भदौड़ सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने से पूर्व चरणजीत सिंह ने कैबिनेट की वर्चुअल तौर पर बैठक बुलाई, जिसमें विधानसभा के चुनाव में जीतकर आने वाले मंत्रियों जिनमें सुखजिंदर सिंह रंधावा, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, अरुणा चौधरी ,अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, राणा गुरजीत सिंह और परगट सिंह शामिल हुए।







