शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम चुनाव के लिए रोस्टर जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से 41 वार्डों के लिए प्रशासन की ओर से रोस्टर शुक्रवार को जारी किया गया है। चुनावी रोस्टर के मुताबिक, निगम के 41 वार्डों में 21 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
डीसी शिमला ने चुनावी आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है। चुनावी रोस्टर जारी करने से पहले इस बार वार्ड बंदी नए सिरे से की गई है, इसलिए रोस्टर जनसंख्या के आधार पर बनाया गया है। शहर में पहली बार 41 वार्डों के लिए नगर निगम के चुनाव होने हैं।
इसमें से 21वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होना तय है। इन 21 वार्डों में से 4 वार्ड महिला-एससी प्रत्याशी के लिए आरक्षित होंगे, जबकि 17 वार्ड महिला सामान्य के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनके अलावा 3 वार्ड एससी पुरुष के लिए आरक्षित होंगे। ऐसी स्थिति में 17 वार्ड ही सामान्य वर्ग के लिए हैं।
41 में से 17 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए होंगे, लेकिन इसमें भी सभी केटेगरी के नेताओं को अपनी चुनावी ताल ठोकने की छूट रहती है। वहीं, दूसरी तरफ जो वार्ड आरक्षित हो जाते हैं। उसमें उसी वर्ग के व्यक्ति को नामांकन करना होता है। सामान्य वर्ग सभी के लिए खुला रखा जाता है।
25 से ज्यादा पार्षद दोबारा लड़ सकेंगे चुनाव शहर में नया रोस्टर लागू होने से वर्तमान के 25 से अधिक पार्षद दोबारा चुनाव लड़ सकेंगे। साल 2017 में भी नया रोस्टर लगा था। उस समय भी आबादी के अनुसार ही रोस्टर तैयार हुआ था, तब से अब तक आबादी में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। सिर्फ वार्ड टूटने से फर्क पड़ा है। वार्ड टूटने के बावजूद कई पार्षद दावेदार रह सकते हैं।







