शिमलाः केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-21 (चंडीगढ़- मनाली) पर पंडोह बाईपास से टकोली तक फोरलेन का निर्माण 75 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसके साथ ही तीव्र गति से काम चल रहा है। यह एक अत्याधुनिक परियोजना हैं। इस पैच में 9 आधुनिक सुरंगों और 140 मीटर लंबे बड़े पुल का निर्माण शामिल है।
बता दें, पंजाब के किरतपुर से हिमाचल प्रदेश के मनाली तक इस प्रोजेक्ट की लंबाई 197 किलोमीटर होगी। नेशनल हाइवे 21 के इस हिस्से को फोरलेन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत 37 बड़े पुल, 14 टनल और 3 जगह टोल प्लाजा होंगे। मनाली के बाद इस फोरलेन को लेह तक विकसित किया जाएगा।
वहीं, व्यास नदी के किनारे बन रहा फोरलेन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। यह सड़क कुल्लू, मनाली जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को लेह तक जोड़ेगी। सफर आरामदेह होगा और समय बचाएगा। साथ ही पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए सुरक्षित आवागमन प्रदान करेगा। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और लेह के सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र बलों की आवाजाही को भी सुविधाजनक बनाएगा।







