स्पेशल डेस्क: कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में सोमवार से पहली बार कुल्लू कार्निवाल का आगाज होने जा रहा है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शाम 7 बजे करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे कुल्लू पहुंचेंगे। वह सबसे पहले ढालपुर मैदान में शिल्प बाजार का निरीक्षण और अवलोकन करेंगे।
इसके पश्चात सरवरी बस अड्डे समेत विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक परिधि गृह कुल्लू में जन समस्याएं सुनेंगे। जिसके बाद शाम 7 बजे रथ मैदान में कुल्लू कार्निवाल का शुभारंभ कर सांस्कृतिक संध्या के साक्षी बनेंगे।
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कुल्लू कार्निवाल का आयोजन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के कुल्लू स्थित हस्तशिल्प कार्यालय, कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। कार्निवाल 10 दिन तक चलेगा।
हालांकि, सांस्कृतिक संध्याएं 28 मार्च तक होंगी। इसमें प्रदेश के कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। पहली स्टार संध्या लोक गायक नरेंद्र ठाकुर के नाम रहेगी।
कार्निवाल में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के 100 से अधिक शिल्प स्टाल सज रहे हैं। स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के लिए भी 20 स्टाल लग रहे हैं। कुल्लू और प्रदेश के अन्य जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 स्टाल स्थापित किए जा रहे हैं।


