शिमलाः राजधानी शिमला में सवर्ण आयोग को लेकर हुए प्रदर्शन मामले में पुलिस ने देवभूमि क्षत्रिय संगठन के नेताओं के बाद पुलिस ने 7 और लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी और तीन कांस्टेबलों की हत्या के प्रयास के आरोप में दो लोगों जबकि उग्र प्रदर्शन कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अभी तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इनमें दोनों संगठनों के प्रमुख नेता रुमित ठाकुर, मदन ठाकुर और दीपक चौहान भी शामिल हैं। एसपी शिमला डॉ. मोनिका भुटूंगरू ने बताया कि 7 और गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें सिरमौर के संगड़ाह निवासी पवन कुमार (28), देवेंद्र सिंह (42) को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर महेंद्र सिंह (46) तहसील कसौली, दिनेश कुमार (46) जिला सोलन, अमर चंद राठौड़ (45) ढली, महेंद्र कुमार (39) तहसील सुंदरनगर, विजय कुमार शर्मा (36) और राजेंद्र (43) दुर्गापुर शिमला ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया है।
सभी आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से इन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। बालूगंज थाना पुलिस दो अलग-अलग मामले दर्ज कर छानबीन कर रही है।
दरअसल शिमला-कालका हाइवे पर तारा देवी में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसमें एएसपी सुशील समेत 4 जवान घायल हुए। इस पर बालूगंज पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 341, 353, 332, 307 और 147, 148, 149, 341, 188 आईपीसी एंड 3 के तहत दो मामले दर्ज किए हैं।







