शिमलाः हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रो. सिकंदर कुमार ने प्रदेश विधानसभा सचिवालय में सोमवार को नामांकन भरा। सिकंदर कुमार के नामांकन के दौरान मुख्ममंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, उपाध्यक्ष हंस राज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा की सीट खाली हो रही है। भाजपा ने सिकंदर कुमार को उम्मीदवार बनाया है।नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा के चुनाव को लेकर सीट को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस दौरान उन्होंने डॉ. सिकन्दर के नाम के लिए केंद्र नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। डॉ. सिकंदर पुत्र पिता स्वर्गीय रौंफी राम हमीरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र नादौन की ग्राम पंचायत भटेरा के तहत आते गांव ढगोह के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा राजकीय पाठशाला कांगू और स्नातक की पढ़ाई हमीरपुर कॉलेज से पूरी की है।
इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा शिमला विवि से पूरी की। पहली बार है कि एचपीयू का कोई वीसी राज्यसभा सदस्य बनेगा। डॉ. सिकंदर ने 2 अगस्त को वीसी के पद से सेवानिवृत्त होना था।
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा में तीन सीटें हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और इंदु गोस्वामी भी राज्यसभा सदस्य हैं। तीसरी सीट पर अभी कांग्रेस के आनंद शर्मा सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल पूरा हो रहा है।







