शिमलाः हिमाचल कांग्रेस में आने वाले दिनों में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते है। विधानसभा चुनाव जीतने के नाम पर इस बदलाव के लिए ताना-बाना बुना जा रहा है। इधर, हिमाचल में कई युवा चेहरे कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
खतरे को भांपते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व दिल्ली तलब कर दिया है। आज दोपहर बाद दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करके सोनिया गांधी मेजर सर्जरी कर सकती हैं और सभी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के टिप्स देंगी।
इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में कोई भी कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर न जाएं। इसके लिए संगठन में कुछ फेरबदल किए जा सकते हैं। बैठक में जहां प्रदेश में कांग्रेस की स्तिथि को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। वहीं, एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने के निर्देश भी दिए जाएंगे।
बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा, रघुबीर सिंह बाली, अनिरुद्ध सिंह, सांसद प्रतिभा सिंह, आशा कुमारी, पूर्व अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू,सहित कुछ विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक में विधानसभा चुनाव पर चर्चा के साथ ही संगठन में फेरबदल को लेकर भी मंथन होगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर का कार्यकाल पूरा हो चुका है और कई नेता पार्टी अध्यक्ष की दौड़ में हैं। ऐसे में बैठक में कुछ नेता पार्टी में फेरबदल की मांग भी कर सकते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ आज होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, तजेंद्र पाल सिंह, गुरकीरत कोटली भी मौजूद रहेंगे।







