शिमला: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी शिमला नगर निगम चुनावों को कांग्रेस बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व विकास के मुद्दों पर लड़ेगी। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के साथ साथ नगर निगम में भी भाजपा का ही कब्जा है। ऐसे में वह नगर निगम में सुविधाओं का अभाव व पैसे की कंगाली का रोना नहीं रो सकते।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों में अपने मजबूत प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जीत का क्रम जारी रखते हुए शिमला शहर की समस्याओं को दूर करेगी।
वहीं, कुलदीप सिंह राठौर ने अलगाववादी धमकी पर भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी धमकियों पर कड़ी कार्यवाही करें। यह देश व प्रदेश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। पिछले साल भी ऐसी ही एक धमकी प्रदेश को मिली थी, उस समय सरकार ने इन अलगाववादी नेताओं पर क्या कार्यवाही की उसे भी लोगों को बताया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ठीक चुनावों से पहले इस प्रकार की धमकियां मिलना और इन तत्वों का एकाएक सक्रिय होना भी अपने आप में कई प्रश्न पैदा करता है। उन्होंने कहा कि देश का खुफिया तंत्र सरकार के हाथ में होता है, ऐसे में वह क्या कर रहा है।
राठौर ने कहा कि देश के पांच राज्यों में हुए चुनाव मुद्दों पर आधारित नही रहें। वहीं, प्रदेश में हुए चार उप चुनाव बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर लड़े गए थे। उसमे कांग्रेस को शानदार जीत हासिल हुई।जबकि पांच राज्यों में हुए चुनाव मुद्दों से हटकर छदम राष्ट्रवाद, सांप्रदायिकता पर लड़े गए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की एकता और अंखडता के लिए अपने नेताओं महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के प्राणों की आहुति दी है इसलिए कांग्रेस कभी भी अपने इस रास्ते से भटकने वाली नहीं है।
राठौर ने कहा है कि देश में बढ़ती महंगाई के क्या कारण है? चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए, जबकि प्रदेश में हुए उप चुनावों से ठीक पहले इनके मूल्यों में कटौती की गई थी। गत छह माह की तुलना में महंगाई की दर 9,3 से बढ़कर 44,97 प्रतिशत हो गई।







