स्पेशल डेस्क: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज अपने सिरमौर दौरे पर थे । मुख्यमंत्री ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में जो विकास कार्य 60 वर्षों में नहीं हुए, वो विकास कार्य 4 वर्षो में हुए हैं।
60 सालों का विकास 4 सालों में कर दिखाया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग कहते हैं कि क्या किया, तो हमने विधानसभा में उनसे पूछा कि वह पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस सरकार की किसी योजना का नाम तो बताएं। चलो छोड़ो 5 वर्षों में ना, तो पिछले 60 वर्षों में कोई योजना शुरू की है वह ही बता दो। तो पूरी कांग्रेस पार्टी के सदस्य एक-दूसरे की मुंह ताकते रह गए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस दौरान कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पांच राज्यों के चुनाव को लेकर कांग्रेसी कहते थे कि पंजाब, उत्तराखंड मणिपुर और गोवा में जीत जाएंगे। मगर चुनाव परिणाम इसके विपरीत आए। उत्तर प्रदेश में तो कांग्रेस का फैमिली प्लानिंग हो गया। 403 विधानसभा सदस्यों वाले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मात्र 2 सदस्यों तक सीमित कर दिया।
शिलाई में होता है अपनेपन का एहसास
जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिलाई तथा सराज विधानसभा क्षेत्र में पहनावा व संस्कृति भी एक जैसी है। यहां की महिलाएं भी सराज की महिलाओं की तरह ढाटू लगाती है। शिलाई आकर उन्हें अपनेपन का एहसास होता है।
कांग्रेस के खेमे में शांति का माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के 2 वर्ष के बीच उन्होंने प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र में काम को नहीं रुकने दिया। विधानसभा में कुछ लोग कुछ बोलते थे कि अगली सरकार उनकी होगी। मगर पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद आजकल शांति है।
शगुन योजना गरीबों के लिए वरदान
मुख्यमंत्री ने बताया कि शगुन योजना में गरीब बेटियों के लिए 31 हजार की राशि शुरू करवाई। बेरोजगारों को अपने पांव पर खड़े होने के लिए स्वालंबन योजना शुरू की। जब भी प्रदेश में कांग्रेस सरकार आती थी, तो बदले की भावना से काम करती थी। मगर हमने बदले की भावना की प्रथा को समाप्त किया।
विश्व पटल पर भारत
भारत को विश्व पटल पर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के बाद नरेंद्र मोदी ने विशेष पहचान दिलाई है। कांग्रेस की सरकारों ने सिर्फ घोटाले घोटाले होते थे।
जनजातिय दर्जा दिलाने पर बोले CM
गिरीपार क्षेत्र को जनजातिय दर्जा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्होंने गृह मंत्री तथा आरजीआई के समक्ष इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया है। आगमी केंद्रीय गृह मंत्री के हिमाचल दौरे पर हाटी समिति का एक प्रतिनिधि केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेगा तथा इसकी सारी सिथतियों से अवगत करवाएगा। कांग्रेस की नाकामियों के कारण गिरिपार को जनजाति का दर्जा नहीं मिला, जो 50 वर्ष पहले मिल जाना चाहिए था। जिसके लिए अब भाजपा प्रयासरत है।







