स्पेशल डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर जिला कांगड़ा में पहुंचेगे। जगत प्रकाश नड्डा सुबह 10:30 के करीब कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। वहीं, जगत प्रकाश नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
कांगड़ा हवाई अड्डे से लेकर नगरोटा बगवां तक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जेपी नड्डा के बैनर और पार्टी के झंडे लगा दिए गए हैं। बता दें कि जगत प्रकाश नड्डा के कांगड़ा हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद उनका काफिला नगरोटा बगवां के लिए रवाना होगा। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह जेपी नड्डा का स्वागत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता खड़े होंगे।
वहीं, जेपी नड्डा नगरोटा बगवां में एक रोड शो करेंगे और उसके बाद नगरोटा में उपस्थित जन समूह को संबोधित करेंगे। इसके अलावा 23 अप्रैल को जगत प्रकाश नड्डा धर्मशाला के सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के मिशन रिपीट को लेकर टिप्स दी जाएंगे। इसके उपरांत जगत प्रकाश नड्डा दोपहर बाद कांगड़ा हवाई अड्डे से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।







