ऊना: पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि अंदरौली में 20 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे एथनो बोटैनिकल पार्क का लोकार्पण अगस्त माह में किया जाएगा। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेकों प्रयास किए हैं। यहां पर पैराग्लाइडिंग व गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ाओं के आयोजन की वर्तमान प्रदेश सरकार ने पहल की है, जिससे कुटलैहड़ वीकेंड टूरिज्म का केंद्र बन कर उभर रहा है।
पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही यहां पर रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पिछले साढ़े चार वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के माध्यम से प्रति वर्ष 2 हजार करोड़ रुपए राज्य में खर्च किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत मंदली में 4.29 करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ में पानी की कमी को दूर करने के लिए भरपूर प्रयास किए गए हैं। 180 किमी पानी की पुरानी लाइनें बदलीं गई हैं और पुरानी परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण करने व नई परियोजनाओं के निर्माण पर लगभग 200 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की गई है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 13 करोड़ की परियोजना के तहत डंगोली से पानी उठाकर तलाई में पहुंचाया गया है, जिससे पांच पंचायतों को पानी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि थाना कलां में जल शक्ति विभाग का अलग डिवीजन खोला गया है तथा बिजली विभाग का अलग डिवीजन खोलने की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा की है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि लठियाणी मंदली पुल के सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। 40 करोड़ की लागत से ऊना-बीहड़ सड़क बनकर तैयार है, जबकि बीहड़ से अप्रोच रोड़ निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य आरंभ हो चुका है। 60 प्रतिशत अधिग्रहण का कार्य पूरा होने के बाद पुल के टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो वर्ष में पुल बनकर तैयार कर दिया जाएगा।


