शिमला: मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला के दौरे पर आ रहे हैं। मंगलवार सुबह 10:30 बजे मोदी का शिमला पहुंचना प्रस्तावित है और इसको लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रिज मैदान और आसपास के इलाकों में 8000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और रिज मैदान पर पुलिस के साथ साथ एसपीजी और आईबी का भी कड़ा पहरा हो गया है।
प्रदानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अनाडेल हैलीपेड में लैंड करेंगे और कुमार हाउस और विधानसभा के रास्ते से रिज पर आएंगे। कार्यक्रम के लिए लोगों को केवल स्कैंडल प्वॉईंट और लक्कड़ बाज़ार से ही प्रवेश मिलेगा। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने लोगों से अपील की है की कार्यक्रम के लिए कोई भी भारी वस्तु, कैरी बैग, इलैक्ट्रोनिक डिवाइस, पानी की बड़ी बोतल आदि लेकर न आएं और चैकिंग के दौरान जेब से मोबाइल फोन, लाईटर माचिस आदि हाथ में निकाल दें। सीसीटीवी कैमरे की नज़र हर आने जाने वाले व्यक्ति पर रहेगी।
इसके अलावा शिमला शहर के लिए मंगलवार सुबह से दोपहर 2 बजे तक के लिए ट्रैफिक प्लान बनाया गया है। ऊपरी शिमला से आने वाले वाहन ढली-संजौली बाईपास पर पार्क किए जाएंगे। बसें संजौली कॉलेज तक आएंगी और छोटे वाहनों को ऑकलैंड टनल तक आने की अनुमति रहेगी। वहीं, बिलासपुर और मंडी की तरफ़ से आने वाले वाहनों की ऐडवांस स्टडीज से समरहिल तक पार्क किया जाएगा और बसें आईएसबीटी जाएंगी।
सोलन की तरफ से आने वाले वाहनों को टूटी कंडी पार्किंग में पार्क किया जाएगा और छोटे वाहनों को 103 टनल के पास रोका जाएगा। इसके अलावा सड़क किनारे गाड़ी पार्क करने पर भी रोक रहेगी। टूटी कंडी पार्किंग से लिफ़्ट तक एचआरटीसी की बसें उपलब्ध रहेंगी। रिज की तरफ जाने वाले सभी छोटे रास्ते बंद कर दिए गए हैं और मॉल रोड, लोअर बाजार और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया जा रहा है। सोमवार को पूरी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रिहर्सल भी की गई।


