होशियारपुर: दिल्ली और यूपी के बाद अब पंजाब के होशियारपुर में भी सरकार का पीला पंजा चला है। दरसल बरसात का मौसम आने से पहले शहर में गंदे नालों की सफाई को लेकर एक मुहिम छेड़ी गई। जिसको लेकर कॉरपोरेशन ने गौशाला बाजार से लेकर खानपुरी गेट तक के बड़े नाले की सफाई के लिए 3400000 का टेंडर पास किया।हर साल यहां टेंडर तो पास होते हैं लेकिन सफाई नहीं होती।
जिसके चलते लोगों ने मेयर के ऊपर दबाव डाला कि गंदे नाले की ब्लॉक की वजह से वहां मौजूद घरों में दरारें पड़ गई हैं साथ ही जमीन नीचे धसने लगी है। जिसको लेकर आज नाले की सफाई का काम शुरू किया गया।
सफाई के काम के चलते उस समय बाजार का माहौल गर्म हो गया, जब सफाई के साथ दुकानों के आगे बनी हुई स्लैब को तोड़ दिया गया । जिसके बाद बाजार में माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसको लेकर एक बवाल खड़ा हो गया।
दरअसल वहां के स्थानीय दुकानदारों की माने तो उन्हें इस तरह का कोई भी नोटिस निगम की तरफ से नहीं दिया गया था। बिना किसी नोटिस के ही उनकी दुकानों के आगे बने स्लैब पर बुलडोजर चला दिया गया। जिस कारण दुकानदारों में रोष है।
हालांकि इस पूरे मामले पर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यदि गलती से स्लैब टूटे हैं तो उन्हें निगम ही बना कर देगा। उधर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले को शांत करवाया।


