शिमला: करीब अढ़ाई साल बीत जाने के बाद भी जयराम सरकार अफसरशाही की तैनाती में स्थिरता नहीं ला पा रही है। कुछ समय बाद ही तबादलों(Transfer) की लंबी फेहरिस्त जारी कर दी जाती है। सरकार ने 14 आईएएस(IAS) व 6 एचएएस(HAS) बदले हैं। आबकारी व कराधान विभाग के विशेष सचिव दोरजे छेरिंग को शिमला में मंडलीय बंदोबस्त अधिकारी बदला गया है। कांगड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा को हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्तीय व विकास निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर ट्रांसफर किया गया है। ऊना के अतिरिक्त उपायुक्त अरिंदम चौधरी अब आबकारी व कराधान विभाग के विशेष सचिव होंगे। साथ ही हिमाचल प्रदेश इलैक्ट्रोनिक्स विकास निगम(Himachal Pradesh Electronics Development Corporation) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा भी संभालेंगे।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित जम्वाल को टीसीपी के निदेशक के पद पर स्थानांतरित किया गया है। कुल्लू के एसडीएम अनुराग चंद्र अब सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त होंगे। हमीरपुर के भोरंज के एसडीएम(SDM) डॉ. अमित कुमार को ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। कांगड़ा के एसडीएम जतिन लाल को मंडी में अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर भेजा गया है। संगड़ाह के एसडीएम राहुल कुमार को कांगड़ा में अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर तैनाती मिली है। अंब की एसडीएम टौरूल एस रविश को कंट्रोलर ऑफ स्टोर्स के पद पर उद्योग विभाग में तैनाती दी गई है। पोस्टिंग की इंतजार कर रहे अभिषेक वर्मा को कांगड़ा के एसडीएम के पद पर तैनाती दी गई है। इसी तरह मनेश कुमार, अजय कुमार यादव, सौरभ जस्सल, महेंद्र पाल गुर्जर को क्रमश: अंब, कुल्लू, डलहौजी व नालागढ़ में एसडीएम के तौर पर तैनाती दी गई है। नालागढ़ के एसडीएम प्रशांत देष्टा की नियुक्ति को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
उधर एचएएस अधिकारियों ने सोलन में अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर तैनात विवेक चंदेल को तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया है। यहां निदेशक के पद पर तैनात शुभम कर्ण सिंह को प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक के पद पर तैनाती दी गई है। उद्योग विभाग की एडिशनल कंट्रोलर ऑफ स्टोर्स सुनीता काप्टा को खाद्य आयोग में सचिव के पद पर तैनाती मिली है। इसके अलावा वो राज्य समाज कल्याण बोर्ड की सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्तीय व विकास निगम के प्रबंध निदेशक संदीप सूद को कांगड़ा में ही एसी लीव रिजर्व के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
डलहौजी के एसडीएम जगन ठाकुर को इसी पद पर ज्वाली स्थानांतरित किया गया है। झंडूता में एसडीएम के पद पर अंडर ट्रांसफर अनुपम कुमार को इसी पद पर संगड़ाह बदला गया है। एसपीवी शिमला स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महा प्रबंधक नीरज कुमारी चंदेला को सूचना प्रौद्योगिकी के संयुक्त निदेशक के पद पर ट्रांसफर किया गया है। ज्वाली के एसडीएम सलीम आजम को आरटीओ कुल्लू के पद पर ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा सरकार ने एचएएस विकास शर्मा, अरूण कुमार व विकास जम्वाल के तबादला आदेश रद्द किए हैं ।

