हमीरपुर: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को हमीरपुर में युवाओं के लिए वोडाफोन आइडिया फाउंडेशन के कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। अनुराग ठाकुर ने वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और भारत के डिजिटल साक्षरता आंदोलन को एक कदम और आगे ले जाने के लिए कंपनी को बधाई दी। साथ ही ‘ जादू गिन्नी का’ मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिन युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में रोज़गार मिला उन्हें भी सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।

51 युवाओं को मिला प्रशिक्षण, 29 को नौकरी
बता दें कि इस कौशल विकास केंद्र से 51 युवा प्रशिक्षण ले चुके हैं। जिनमें से 29 को नौकरी मिल चुकी है। वहीं 3 युवाओं की नौकरी विदेशी कंपनियों में लगी है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बधाई दी है।

पहली नौकरी को स्वीकार करें युवा, अनुभव काम आएगा : अनुराग ठाकुर
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी पहली नौकरी मिले उसे स्वीकार करें। पैसें भले कम हों लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। अनुभव बहुत जरूरी है। आपसे हर कंपनी पूछेगी कि आपने पहले कहीं काम किया है। आपकी पहली नौकरी का अनुभव और सर्टीफिकेट बहुत काम आएगा। इसी के आधार पर आपको आगे नौकरियां मिलेंगी।

