डेस्क: हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस प्रदेश भर में युवा रोजगार यात्रा का आयोजन करने जा रही है। कांग्रेस युवा रोजगार यात्रा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में निकाली जाएगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू भी प्रतिभा सिंह के साथ इस यात्रा की अगुवाई करेंगे।
कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला की तरफ से इस यात्रा के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव आरएस बाली को कांगड़ा और हमीरपुर का प्रभारी बनाया गया है। जबकि कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह को शिमला और मंडी की जिम्मेदारी सौंप कर प्रभारी बनाया गया है। उधर, इस यात्रा की टीम के 5 सदस्य भी बनाए गए हैं, जिनमें विनोद सुल्तानपुरी, आश्रय शर्मा, अभिषेक राणा, निगम भंडारी और छत्तर सिंह शामिल हैं।
