
सोनिया, खबरनाउ: ओम राउत निर्देशित फ़िल्म ‘आदिपुरुष’ अपने टीज़र रिलीज़ होने के साथ ही विवादों में घिर गई है। इस फ़िल्म में और सैफ़ अली खान रावण, प्रभास श्री राम और कृति सैनन सीता की भूमिका में नज़र आ रहे हैं। फिल्म में रावण के लुक को लेकर हिन्दू संगठन गुस्से में हैं. उनका कहना है कि सैफ अली खान के रावण अवतार को इस्लामिक छवि दी गई है।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म के डायरेक्टर को चिट्ठी लिखकर फिल्म से आपत्तिजनक सीन और कंटेंट हटाने को कहा है। साथ ही ऐसा न करने पर लीगल एक्शन लेने की चेतावनी दी है। वहीँ हिंदू महासभा के अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘भगवान शिव के अनन्य भक्त लंकापति रावण की भूमिका में दक्षिण भारत की फ़िल्म आदिपुरुष में सैफ़ अली ख़ान का चित्रण ऐसे किया गया है, जैसे इस्लामिक खिलजी या चंगेज खान या औरंगज़ेब हो।
मूवी के अलग-अलग कैरेक्टर्स का लुक देखने के बाद इसके बॉयकॉट की मांग शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने फिल्म और इसके कैरेक्टर्स को यह कहते हुए ट्रोल किया कि मूवी में तथ्यों को गलत तरीके से दिखाया गया है। बता दें कि फ़िल्म में रावण को क्रोधित और काले रंग की पोशाक में दिखा गया है. आदिपुरुष का रविवार, 2 अक्टूबर को टीजर रिलीज हुआ था।

