अनवर हुसैन/नालागढ़
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिलासपुर दौरे पर है। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने एम्स का विधिवत उद्घाटन कर, ऐतिहासिक लहुनू मैदान से प्रदेश की जनता को संबोधित किया।
इस दौरान नालागढ़ में भी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में वर्चुअल मध्यम से शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से नालागढ़ पिंजौर नेशनल हाईवे 105 तथा मेडिकल डिवाइस पार्क की भी आधारशिला रखी। उन्होंने अपने संबोधन में बार-बार नालागढ़-बद्दी का जिक्र किया तथा हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव होने की भी बात कही।
इस मौके पर नालागढ़ के लोगों ने कहा कि नेशनल हाईवे 105 के बनने से बीबीएन की जनता को लाभ मिलेगा,तथा क्षेत्र में एक्सीडेंट होने जैसी घटनाएं भी कम देखने को मिलेगी। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया तथा मोदी के हिमाचल दौरे को लाभदायक भी बताया। लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा नालागढ़ को दी गई यह सौगात भविष्य में सभी क्षेत्रवासियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।
स्थानीय निवासी मनोज राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नालागढ़ की जनता तथा प्रदेश की जनता को बिलासपुर दौरे के माध्यम से बड़ी सौगात देकर गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा है कि नेशनल हाईवे तथा डिवाइस पार्क बनने से नालागढ़ की जनता अवश्य लाभान्वित होगी। वही अशोक राणा ने कहा कि साल 2003 में अटल बिहारी वाजपेई ने हिमाचल प्रदेश की जनता को एक विशेष पैकेज दिया था, ठीक उसी तरह आज साल 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेश की जनता को फिर से एक विशेष पैकेज प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बार-बार अपने संबोधन में नालागढ़ बद्दी का जिक्र करना क्षेत्र वासियों के लिए बेहद गर्व का विषय है।
इस मौके पर नालागढ़ के एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर, एसएचओ श्यामलाल, नालागढ़ डीएसपी समेत लॉर्ड महावीर नर्सिंग कॉलेज की एमडी आशिमा जैन भी उपस्थित रहे।


