सोनिया, खबरनाउ: दुनियाभर के 121 देशों में भूख और कुपोषण पर नजर रखने वाले ग्लोबल हंगर इंडेक्स की साल 2022 रिपोर्ट जारी हो गई है जिसमें भारत का प्रदर्शन बेहद ख़राब रहा है. रिपोर्ट में जहाँ एक ओर चीन, तुर्की और कुवैत सहित 17 देशों ने 5 से कम जीएचआई स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है वहीँ भारत ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) में 101 से 107वें स्थान पर खिसक गया है. गौरतलब है कि इस सूचकांक में भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका भी भारत से आगे हैं.
इस रिपोर्ट के सार्वजानिक होते ही विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमलों की बाउशार कर दी है. ट्विटर पर कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 8 साल में 2014 के बाद से हमारा स्कोर खराब हुआ है. उन्होंने ट्विटर पर पूछा, “माननीय प्रधान मंत्री कब बच्चों के बीच कुपोषण, भूख और लाचारगी जैसे वास्तविक मुद्दों का समाधान करेंगे?”
बता दें की साल 2021 में भारत का स्थान 116 देशों में से 101वां था, लेकिन इस बार 121 देशों की लिस्ट में भारत छह अंक लुढ़ककर 107वें नंबर पर पहुंच गया है. इसके साथ ही भारत का जीएचआई स्कोर भी गिर गया है – 2000 में यह 38.8 था जो 2014 और 2022 के बीच 28.2 – 29.1 के बीच पहुंच गया है.
सूचकांक में श्रीलंका 64, नेपाल 81, बांग्लादेश 84 और पाकिस्तान 99 वें स्थान पर है. दक्षिण एशिया में केवल अफगानिस्तान ही भारत से पीछे है. अफगानिस्तान इस इंडेक्स में 109 नंबर पर है.

