मुस्कान,खबरनाउ: स्टूडेंट्स लाईफ व्यक्ति के जीवन के सबसे यादगार चरणों में से एक होती है. छात्र जीवन का चरण हमारे जीवन की नींव बनाता है और देश और समाज को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाता है. स्टूडेंट्स की इसी भावना को सर्वोपरि मानते हुए साल में एक दिन स्टूडेंट्स को जश्न मनाने का मौका मिलता है, जिसे विश्वभर में ‘वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे’ के नाम से जाना जाता है. हर वर्ष 15 अक्टूबर का दिन ‘विश्व छात्र दिवस’ के रूप में मनाया जाता है. इस दिन बच्चों को शिक्षा और उसके महत्व की जानकारी दी जाती है.
“पीपुल्स प्रेसिडेंट”
यह दिन भारत रत्न से सम्मानित और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है. छात्रों और शिक्षा के प्रति कलाम के प्रयासों को सम्मान देने के लिए विश्व छात्र दिवस हर साल भारत में राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाता है. कलाम को प्यार से “पीपुल्स प्रेसिडेंट” के रूप में याद किया जाता है और उनके जन्मदिन को छात्र दिवस के रूप में मनाया जाता है.
वर्ल्ड स्टूडेंट डे का इतिहास
संयुक्त राष्ट्र संगठन ने वर्ष 2010 से डॉक्टर कलाम के शिक्षा और छात्रों के लिए उनके प्रयासों को स्वीकारते हुए उनकी जन्म तिथि 15 अक्टूबर को ‘वर्ल्ड स्टूडेंट डे’ के तौर पर मनाने की घोषणा की थी. तब से हर साल 15 अक्टूबर को स्टूडेंट्स इसे एक जश्न के तौर पर मनाते आ रहे हैं.
वर्ल्ड स्टूडेंट डे 2022 की थीम
चूंकि इस अवसर को एक महत्वपूर्ण वार्षिक आयोजन माना जाता है, इस दिन स्कूलों, सरकारी और निजी क्षेत्र के कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम, अभियान और डिबेट्स आयोजित की जाती हैं. विश्व छात्र दिवस 2022 की थीम अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही इसके जारी किए जाने की उम्मीद है.

