ब्यूरो,खबरनाउ : हिमाचल में सियासत की बागडोर कांग्रेस नेता दिल्ली दरबार में तलाश रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने शक्ति प्रदर्शन का भी दौर शुरू हो गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा चर्चा में प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू है। प्रदेश के राजनीतिक हालात की नब्ज टटोलने के बाद सुक्खू सियासी समीकरण में तालमेल बैठा रहे हैं। इस कड़ी में बीते तीन दिन से सियासी गलियारों में उनकी ही बात हो रही है।
दिल्ली के माहौल पर नजर डालें तो सुक्खू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के साथ मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में विधानसभा चुनाव का फीडबैक राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया है। सबसे बड़ी बसत कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर है। हिमाचल से दिल्ली तक कांग्रेस के तमाम आलानेता जानते हैं कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री के चेहरे पर एक राय आसान नहीं होगी। इस बार प्रदेश के तीनों बड़े नेताओं प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री और प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बीच टिकट अदायगी को लेकर बड़ा संघर्ष देखने को मिला था। ऐसे में कई नामों पर बहस हुई और टिकटें आखिरी घड़ी तक फंसी रहीं।







