खबरनाउ, ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश राज्य कुश्ती संघ के सौजन्य से सीनियर वर्ग की लडक़ों व लड़कियों की राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन जिला बिलासपुर के घुमारवीं में करवाया गया. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शुभारंभ मौके पर जिला बिलासपुर कुश्ती संघ के प्रधान प्रकाश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. वहीं समापन मौके पर प्रमुख व्यवसायी सतपाल के साथ सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक किशोरी लाल ने शिरकत करते हुए पहलवानों को आशीर्वाद दिया. कुश्ती संघ के महासचिव एवं कुश्ती कोच परशु राम अवार्डी जगदीश कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 जिलों से करीब 106 महिला व पुरुष पहलवानों ने भाग लेते हुए अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया.
जिनमें 85 पुरुष व 21 महिला पहलवान शामिल थीं. उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके प्रथम स्थान हासिल करने वाले पहलवान राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगे. राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 21 से 23 दिसंबर तक विशाखापटनम आंध्र प्रदेश में आयोजित की जाएगी. राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल करने वाले महिला व पुरुष पहलवानों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए जगदीश ने बताया कि 50 किलोग्राम महिला भार वर्ग में हमीरपुर की रितिका ने प्रथम तथा मंडी की बबीता ने द्वितीय स्थान हासिल किया.


