खबरनाउ ब्यूरो: जालंधर के फिल्लौर स्थित गांव मंसूरपुर में गुरुघर में बेअदबी का मामला सामने आया है। जानकारी मुताबिक कुछ अराजक तत्वों ने गुरु सिंह सभा गुरुघर के भीतर घुस कर पैसे लूटने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के प्रकाश वाले स्थान के पास तंबाकू खाकर थूका गया है। हालांकि बेअदबी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बेअदबी की घटना से संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। बेअदबी की इस घटना को लेकर सिख संगत में भारी रोष व्याप्त है। इसी घटना पर अब सियासी पार्टियों ने दुःख जताते हुए सरकार से सख्त एक्शन लेने की मांग की है।
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने ट्वीट कर लिखा कि यह एक बहुत ही निंदनीय जघन्य अपराध है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी पंजाब को अपने ट्वीट में टैग करते हुए लिखा है कि सरकार डीजीपी को तुरंत बेअदबी के दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दें। यह बहुत ही दुखदायी घटना है और यह अपराध अक्षम्य है।
गाँव वालों से मिली जानकारी मुताबिक गुरुघर में दो अराजक तत्व सुबह गुरूद्वारे में आए और दोनों गुरुघर में तोड़फोड़ कर रहे थे तभी ग्रंथी भी पहुंचे लेकिन आनन्-फानन में लुटेरों ने उनपर हमला कर दिया और भाग निकले लेकिन ग्रंथी के शोर मचाने पर भाग रहे लुटेरों का ग्रामीणों ने पीछा किया और पकड़ लिया। सिख संगत का कहना है कि यह सब जानबूझकर लोगों की आस्था को चोट पहुंचा कर उन्हें भड़काने के इरादे से किया गया है। बहरहाल मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

