ब्यूरो,खबरनाउ : प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद जहां मंत्री पद के लिए होड़ मची है . वहीं सीएम और डिप्टी सीएम की नियुक्ति की बाद उन्हें विभाग भी बांट दिए गए हैं. अभी कैबिनेट के गठन से पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सभी विभाग आपस में बांट लिए हैं. हिमाचल सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने इस संबंध में मंगलवार देर रात को अधिसूचना जारी की.

अधिसूचना के अनुसार, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पास वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना और कार्मिक विभाग रखे हैं. वहीं, उप-मुख्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के पास जलशक्ति विभाग, परिवहन और भाषा कला एवं संस्कृति विभाग रहेगा. मुख्यमंत्री ने पांच विभाग अपने पास रखे हैं औऱ डिप्टी सीएम को तीन विभाग सौंपे हैं. दरअसल, जब तक बाकी मंत्रियों की तैनाती नहीं होती, तब तक सीएम सभी विभागों को देखेंगे.

