खबरनाउ ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) अगले साल से सात नए कोर्स शुरू करेगा. इन कोर्स में बीए शास्त्री तीन वर्षीय कोर्स, एलिमेंटरी इक्नॉमिक्स सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स, मानव संसाधन विकास में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स, कम्यूनिकेटिव इंग्लिश डिप्लोमा कोर्स, कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा के अलावा डाटा साइंस में डिप्लोमा कोर्स और आपदा प्रबंधन में डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जाएगा. विश्वविद्यालय अकादमिक काउंससिल की चार अक्तूबर को आयोजित बैठक से मंजूरी मिलने के बाद विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद की 19 नवंबर को हुई बैठक में इन सभी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स को मंजूरी मिली थी. अब इक्डोल नए शैक्षणिक सत्र से इन सभी कोर्स को शुरू करने जा रहा है.
इक्डोल की निदेशक प्रो. संजु करोल ने कहा कि इक्डोल नए सत्र से ही इन नए कोर्स को शुरू करेगा. इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया को शुरू करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इक्डोल के दूरवर्ती शिक्षा मोड के माध्यम से छात्र पूरे प्रदेश या प्रदेश के बाहर रहने के बावजूद तय की जाने वाली पात्रता शर्तों को पूरा कर प्रवेश ले सकेंगे. उन्होंने कहा कि इन कोर्स को डिस्टेंस मोड से शुरू करने का मकसद युवाओं के कौशल को विकसित करने और ऐसे छात्र जो रेगुलर मोड से पढ़ाई करने में असमर्थ है, उन्हें आगे पढ़ाई जारी रखकर अपनी योग्यता को बढ़ाने का मौका देना है।.इन कोर्स का पहला बैच बिठाने के लिए प्रवेश के लिए पात्रता नियम और फीस आदि का पूरा खाता तैयार किया जा रहा है.

