खबरनाउ ब्यूरो: प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू शुक्रवार को राजस्थान के अलवर में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी नजर आईं। वहीं पार्टी के सभी 40 विधायक भी यात्रा का हिस्सा बने। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 100वां दिन है और यात्रा अभी राजस्थान में पहुंची है। इसके बाद आज जयपुर में भारत जोड़ो कॉन्सर्ट में भी मुख्यमंत्री सुक्खू संग तमाम विधायक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव नतीजे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल चुके हैं। इसके बाद पार्टी के कई अन्य नेता भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बहाने राहुल गांधी से मिल चुके हैं। रघुवीर सिंह बाली, राजेश धर्माणी और अनिरुद्ध सिंह भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भारत जोड़ो देशभर में इतिहास रच रही है। 100 दिन पूरे हो चुके हैं और देश में कांग्रेस-राहुल गांधी को काफी सहयोग मिल रहा है।







