खबरनाउ ब्यूरो: प्रदेश में भाजपा अपने नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में जुट गई है। अगले साल 18 जनवरी को भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल पूरा हो रहा है। जानकारी मुताबिक अध्यक्ष बनने की दौड़ में चार नाम आगे चल रहे हैं, जिसमें सांसद इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, राकेश जमवाल और रणधीर शर्मा के नाम के कयास लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा कि हार के बाद से पार्टी में बदलाव भी तय माना जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष के साथ संगठन महामंत्री के पद पर भी अब कोई नई नियुक्ति हो सकती है। इस पद को काफी लंबे समय से पवन राणा संभाल रहे हैं। हालांकि संगठन महामंत्री के लिए कोई कार्यकाल तय नहीं है। इसके बावजूद उनके लंबे कार्यकाल को देखते हुए अब किसी और नियुक्ति का इंतजार पार्टी में है।
सुरेश कश्यप के कार्यकाल की बात करें तो साल 2020 में राजीव बिंदल को हटाकर सांसद सुरेश कश्यप को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया था। उनके कार्यकाल के दौरान हिमाचल में भाजपा को उपचुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। इसमें 2021 में हुए 3 विधानसभा और एक लोकसभा चुनाव शामिल है। साथ ही इस बीच हिमाचल में 4 नगर निगम के चुनाव हुए, जिसमें भाजपा को सिर्फ एक नगर निगम मंडी में जीत मिली। पंचायत चुनाव में भी भाजपा का अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा। अब विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी में बदलाव हो सकता है।
भाजपा पार्टी पदों की नियुक्ति में नए प्रयोग करने के लिए जानी जाती है और मौजूदा हालातों को देखते हुए पार्टी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ऐसे नेता को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकती है, जो संगठन को मजबूती के साथ आगे ले जा सके।







