खबरनाउ ,ब्यूरो: विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले 21 दिसंबर को कांगड़ा आगमन पर धर्मशाला के जोरावर मैदान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भव्य स्वागत के लिए अभिनंदन रैली का तैयारी की जा रही है. विधानसभा सत्र से पहले प्रस्तावित रैली में प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ता धर्मशाला में बड़ी संख्या में इकठ्ठा होकर नए मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे. पार्टी ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस रैली से कांग्रेस पार्टी सरकार व संगठन के बीच एकता का संदेश भी देगी. 21 दिसंबर को जोरावर स्टेडियम में होने वाली बड़ी रैली की तैयारियों के लिए सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अभी से योजना करने के लिए कह दिया गया है. इसके अलावा जिला प्रशासन को भी सरकार के आगमन पर धर्मशाला में विशेष तैयारियां करने को कहा गया है, ताकि धर्मशाला में भव्य स्वागत रैली का आयोजन किया जा सके.
शाहपुर के कांग्रेस विधायक व प्रदेश महासचिव एवं अभिनंदन समारोह के समन्वयक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बतौर सीएम कांगड़ा जिले का पहला दौरा ऐतिहासिक होगा और उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. जनता मुख्यमंत्री के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकल कर अपनी योग्यता से सूबे के शीर्ष पद तक पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू आम जन के लिए संघर्ष से सफलता के आदर्श हैं. एनएसयूआई के आम कार्यकर्ता से सीएम बनने तक का सुक्खू का सफर पार्टी कार्यकर्ताओं समेत सभी के लिए प्रेरणादायक है.







