खबरनाउ,ब्युरो: लाहौल स्पीति के कांग्रेस विधायक रवि ठाकुर स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं. उन्हें दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. बुधवार रात को तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें एडमिट किया गया. बताया जा रहा है कि अब उनकी हालत में सुधार है और एक दो दिन के भीतर उन्हें अस्पताल से छुट्टी हो सकती है. रवि ठाकुर राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे.
रवि ठाकुर सहित कई कांग्रेस विधायक और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राजस्थान के अलवर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे. वहां से लौटने के बाद रवि ठाकुर सहित कांग्रेस के विधायक दिल्ली में जमे हुए हैं. विधायक रवि ठाकुर इस दौरान कांग्रेस पार्टी कार्यालय, सेवादल कार्यालय सहित पार्टी से संबंधित कई संस्थानों में घूम चुके हैं और कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं. ऐसे में अब रवि ठाकुर के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के बाद उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है. उन्हें हिमाचल लौटने में 4-5 दिन और लग सकते हैं.


