ब्यूरो,खबरनाउ: प्रदेश के साथ देशभर में आज से 24 जनवरी तक राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जा रहा है. इसका आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है जिसमें अलग-अलग कार्यक्रम भी शामिल होगें.
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने इस पर जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष पर 18 से 24 जनवरी, 2023 तक देश भर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सप्ताह मनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार जिला शिमला की सभी बाल विकास परियोजनाओं में एक्टिविटी कैलेंडर के अनुसार विभिन्न गतिविधियों जैसे कि हस्ताक्षर अभियान, शपथ समारोह, विशेष ग्राम सभा, पोस्टर/स्लोगन प्रतियोगिताएं इत्यादि का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला शिमला के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
इन कार्यक्रमों को सोशल मीडिया द्वारा जन-जन तक पहुंचाया जाएगा जिसके लिए हैश टैग भी भारत सरकार द्वारा बनाया गया है, ताकि इसे एक जन भागीदारी बनाया जा सके. वहीं आज बाल विकास विभाग द्वारा कुल्लू में जागरूकता रैली निकाली गई.


