धारा 118 प्रोसेस का किया जाएगा सरलीकरण ताकि औद्योगिक विकास गति पकडे
आगामी बजट को लेकर हितधारकों के साथ औद्योगिक पहलुओं पर बैठक आयोजित
बददी ; 17 फरवरी: उद्योग, संसदीय कार्य तथा आयुष मंत्री हर्षवर्धन चैहान की अध्यक्षता में किशनपुरा के ली मैरियट सभागार में आगामी बजट को लेकर हितधारकों के साथ औद्योगिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया. हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि बजट से पूर्व प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुडे सभी क्षेत्रों के साथ बजट पूर्व विचार विमर्श किया जा रहा है और विशेषज्ञों से सुझाव लिए जा रहे है। कार्यक्रम का आयोजन बददी बरोटीवाला नालागढ़ उद्योग संघ ने किया था जिसकी अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया ने की। इस अवस पर प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार आम बजट पेश करने से पहले उद्योगपतियों के पास जा रही है। इसका उद्देश्य आगामी बजट में उद्योगों के साथ अन्य क्षेत्रों के सामूहिक विकास के लिए संतुलित वित्तीय व्यवस्था प्रदान करना है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आगामी समय में प्रदेश सरकार उद्योगों को सभी प्रकार की स्वीकृति प्रदान करने के लिए अथॉरिटी बनाएगी। इससे प्रदेश में उद्योग शीघ्रता से स्थापित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की एनओसी समय अवधि में बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित होने से प्रदेश का राजस्व बढेगा और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान होंगे। उन्होंने कहा कि धारा-118 में छेडछाड नहीं की जा सकती मगर इसका सरलीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नालागढ़ के लखनपुर में बनने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए देशभर के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जा रहा है। विदेशों कंपनियों को भी यहां लाने का प्रयास किया जाएगा। निकट भविष्य में इस पार्क में कई इकाइयां स्थापित होंगी। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि प्रदेश सरकार हरित राज्य ऊर्जा की ओर बढ़ रही है। आगामी समय में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से सरकारी वाहन इलेक्ट्रिक वाहनों में तबदील किए जाएंगे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि सरकार दाडलाघाट और बरमाणा में सीमेंट ढुलाई करने वाले ट्रक ऑपरेटरों के हितों की रक्षा करेगी। सरकार दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के लिए मध्यस्थता का काम कर रही है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि बद्दी उद्योग क्षेत्र प्रदेश का मुख्य द्वार है इसे सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी उद्योगपतियों की मांगों पर गहराई से विचार विमर्श कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार ने कहा कि बददी को सुन्दर बनाने की योजना बनाई जा रही है तथा बद्दी में एक बडे पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बद्दी में शीघ्र एस.डी.एम कार्यालय खोला जाएगा जिससे उद्योगपतियों को घर द्वार कार्य करवाने का लाभ मिलेगा। लघु उद्योग भारती बददी के अध्यक्ष अशोक राणा ने उद्योग से जुडे विभिन्न मुददे उठाए और कहा कि प्रदेश में एमएसएमई सैक्टर को बढ़ावा देने के लिए छोटे उद्योगों को भूमि प्राथमिकता के तौर पर उपलब्ध करवाई जाए। मंत्री ने कहा कि
बजट पूर्व बैठक में उद्योगपतियों ने कहा कि निजी निवेश को बढ़ाने में सरकार की मदद करेंगे।
इस अवसर पर बीबीएनआईए के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया ने भी एसोशिएशन के बारे में विस्तार से जानकारी और सुझाव दिए । इस अवसर पर निदेशक उद्योग विभाग राकेश कुमार प्रजापति, बीबीएनडीए सीईओ डॉ. रिचा वर्मा, उपमण्डलाधिकरी (ना.) नालागढ़ दिव्यांशु सिंघल, बीबीएन उद्योग संघ के प्रधान राजेंद्र गुलेरिया, मुकेश जैन, दिनेश जैन, राजीव अग्रवाल, शैलेष अग्रवाल, विवेक सिंह, फार्मा उद्योग संघ से मुनीष ठाकुर, विवेक सिंह, अतिरिक्त निदेशक उद्योग तिलक राज शर्मा, उप निदेशक संजय कंवर, नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अर्चना त्यागी, लघु उद्योग भारती प्रदेशाध्यक्ष हरवंश पटियाल, महामंत्री संजीव शर्मा, बददी इकाई प्रधान लघु भारती अशोक राणा, गत्ता संघ के चौधरी हेमराज, विक्रम बिंदल, राजीव अग्रवाल, आईजीएमएस सिद्धू आईएमजेएस सिद्धू, मुकेश जैन सहित एचडीएमए, एनआईए, एलयूबी, बीबीएनपीए, एचपीए के प्रतिनिधि मौजूद थे.


