हिमाचल प्रदेश: केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ईज ऑफ डूईंग बिज़नेस में हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग में ज़बर्दस्त उछाल का श्रेय केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की आर्थिक सुधारवादी नीतियों को देते हुए इस से प्रदेश में निवेश,रोज़गार व व्यापार को बढ़ावा मिलने की बात कही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि ” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए नीतिगत फ़ैसलों का सुचारु रूप से क्रियान्वयन हो रहा है।
हिमाचल व केंद्र में भाजपा की सरकार होने के चलते प्रदेश नित नई ऊँचाइयों को छू रहा है। वर्ष 2015 के मुक़ाबले वर्ष 2020 में ईज ऑफ डूईंग बिज़नेस रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश का 10 अंकों की बड़ी छलांग के साथ 7 वें स्थान पर पहुँचना एक बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बधाई के पात्र हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है व उद्योगों की मांग की पूर्ति और उद्यमियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में देवभूमि सफल रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की स्वप्नस्थली बन गया है। 2024-25 तक पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था और 2030 तक 10 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भारत का है जिसमें हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से भारत महामारी के बाद ग्लोबल सप्लाई चेन में तेजी से उभरकर आने को तैयार है। सुधारों के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता व मोदी सरकार की आर्थिक सुधारवादी नीतियों के चलते विश्व बैंक की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में भारत साल 2019 में साल 2014 के 142वें स्थान से सीधे 63 वें स्थान पर आ गया है।







