संवाददाता, मंडी: सेना भर्ती कार्यालय मंडी की ओर से पड्डल मैदान में 6 से 14 अक्तूबर तक सेना भर्ती होगी। भर्ती किन्नौर, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले के युवाओं के लिए होगी। निदेशक भर्ती एआरओ शिमला कर्नल तनवीर सिंह मान ने बताया कि भर्ती सैनिक तकनीकी पुरुष, सैनिक तकनीकी (गोला बारूद परीक्षक), (एटी) पुरुष, सैनिक तकनीकी उड्डयन (एक्स ग्रुप) पुरुष और सैनिक तकनीकी (उपचार सहायक) एनए पुरुष पदों के लिए होगी।
उन्होंने कहा कि इच्छुक युवा मापदंड और योग्यता के लिए सेना भर्ती कार्यालय शिमला की वेबसाइट देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उम्मीदवार जो सेना भर्ती रामपुर बुशहर, शिमला में पहले ही पंजीकृत हो चुके हैं। उन्हें दोबारा पंजीकरण करवाना होगा। उन्होंने उम्मीदवारों को दलालों से बचने की अपील की है।


